दिल्ली के कालकाजी मंदिर में हुई सेवादार की हत्या मामले पर अब राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा सरकार पर हमला करते हुए दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस घटना को कानून व्यवस्था की विफलता बताया है। मंदिर में चुन्नी और प्रसाद को लेकर छिड़े विवाद में माता के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं ने सेवादार की घूंसों और लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
क्या दिल्ली में कोई सुरक्षित है?
इंटरनेट मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर केजरीवाल ने एक पोस्ट में लिखा है, “कालकाजी मंदिर के अंदर सेवादार की निर्मम हत्या करने से पहले इन बदमाशों के हाथ नहीं कांपे? ये कानून व्यवस्था की विफलता नहीं तो और क्या है? भाजपा के चारों इंजनों ने दिल्ली का ये हाल कर दिया है कि अब मंदिरों में भी ऐसी वारदातें हो रही हैं। क्या दिल्ली में कोई सुरक्षित है भी या नहीं?”

एक हत्यारे को मौके पर पकड़ा गया
बता दें कि शनिवार को कालकाजी मंदिर में एक सेवादार की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक सेवादार पर दर्शन के लिए आए लोगों ने लाठियों और घूंसों से हमला कर दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
इस मामले में स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उन लोगों के बीच चुनरी प्रसाद को लेकर बहस हुई थी। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया। जिसके बाद गुस्से में लोगों ने उसकी खूब पिटाई की। इसके बाद आरोपित को लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। अन्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है।
Also Read : Delhi के कालकाजी मंदिर में चुनरी-प्रसाद को लेकर विवाद, सेवादार की पीट-पीटकर हत्या






