हरपुर-बुदहट (गोरखपुर) थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां ग्राम पंचायत कटसहरा में बीती शनिवार रात को एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत कटसहरा में रहने वाला छात्र विकास चौहान (19) पुत्र गिरीश चौहान ने बीते शनिवार को देर शाम घर में भोजन किया और उसके बाद वो अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। जब रविवार को सुबह आठ बजे तक छात्र ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो उसकी भाभी ने दरवाजा जोर से खटखटाया। लेकिन अन्दर से कोई प्रतिक्रिया बाहर नहीं आई। परेशान होकर अगल-बगल के लोगों को मदद के लिए बुलाया गया।
इस बात की सूचना पूर्व प्रधान गुलाम नबी ने थानाध्यक्ष हरपुर-बुदहट मदन मोहन मिश्र को दी। उसके बाद थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ दरवाजे को तोड़ा और शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read : Lucknow News: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, सात की मौत की आशंका, सीएम ने लिया संज्ञान
पढ़ाई के लिए आया था यूपी
जानकारी के मुताबिक, मृतक छात्र कटसहरा में पढ़ने के लिए अपने बड़े भाई और भाभी के साथ रहता था। वहीं, मृतक छात्र के माता-पिता हैदराबाद में निवास करते हैं।
इस पर थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि छात्र ने किस कारण से खुदकुशी की, इसकी अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की ही जाएगी।






