Delhi Rains : दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, खतरे के निशान के ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर

Delhi Rains

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश बंद होने का नाम नहीं ले रही है। एनसीआर में बुधवार को बाढ़ की चेतावनी के बीच बारिश ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। दिल्ली के निचले इलाकों में यमुना का स्तर बढ़ता ही जा रहा है। यमुना 207 मीटर पर बह रही है। बारिश से एनसीआर में कई इलाकों व सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को वाहन चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण 15 हजार लोग हुए विस्थापित

उल्लेखनीय है कि यमुना का जलस्तर आज सुबह नौ बजे 206.85 मीटर मापा गया था। इससे लोहे के पुल के पास निचले इलाके में रहने वाले लोगों के घरों में पानी भर गया। लगभग 15 हजार लोग ने राहत शिविर में आसरा लिया हैं। उम्मीद है कि बुधवार रात से जलस्तर में कमी आ सकती है।। अभी भी हथनी कुंड से प्रति घंटे करीब 1.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

यमुना में पानी का स्तर बढ़ने से आसपास के नाले ब्लॉक हो गए हैं जिसकी वजह से निगमबोध घाट परिसर में धीरे-धीरे पानी भरना शुरू हो गया है। बुधवार को सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने आईटीओ बैराज का निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही हुई बंद

यमुना का जलस्तर बढ़ने की वजह से लोहा पुल से वाहनों के बाद अब ट्रेनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। गाजियाबाद से पुरानी दिल्ली रुकने वाली ज्यादातर लोकल ट्रेनों को शाहदरा स्टेशन पर रुकने के लिए कहा गया है। इन ट्रेनों ने अपना मार्ग बदलकर तिलक ब्रिज, नई दिल्ली कर लिया है। इससे लोकल यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

इससे पहले, आज बुधवार के लिए मौसम विभाग ने गरज वाले बादलों के साथ धीमी बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी तरफ हवा का रुख दिल्ली की ओर चल रहा है। दिल्ली का एक्यूआई फिलहाल 100 से नीचे यानी संतोषजनक श्रेणी में बना हुआ है।