कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा (Pawan Khera) के बाद उनकी पत्नी को भी एक से ज्यादा मतदाता पहचान पत्र होने के कारण नोटिस भेजा गया है। उनकी पत्नी नीलिमा खेड़ा के पास दो-दो पहचान पत्र होने की जानकारी सामने आई है। इस पर नई दिल्ली जिले के पंजीकरण अधिकारी (ERO) ने दो जगह मतदाता सूची में नीलिमा खेड़ा का नाम पाए जाने पर उन्हें नोटिस भेजा है। 10 सितंबर सुबह 11 बजे तक उन्हें नोटिस का जवाब देने के लिए कहा गया है। यदि वह नोटिस का स्पष्टीकरण नहीं देती हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
इन दो जगहों पर दर्ज पाया गया नाम
ईआरओ के नोटिस के अनुसार, दिल्ली और तेलंगाना विधानसभा की मतदाता सूची में नीलिमा खेड़ा का नाम दर्ज है। मतदाता सूची के अनुसार, दिल्ली के विधानसभा क्षेत्र-40 (नई दिल्ली) में और तेलंगाना के विधानसभा क्षेत्र-60 (खैरताबाद) दोनों सूची में नीलिमा खेड़ा का नाम दर्ज मिला है।
Also Read : दिल्ली : निजी एयरलाइन का पायलट गिरफ्तार, जासूसी कैमरे से बना रहा था महिला का वीडियो
तेलंगाना में उनका पता बंजारा हिल्स, हैदराबाद, ई-पिक नंबर टीडीजेड-2666014 लिखा है, जबकि दिल्ली की सूची में उनका मकान नंबर-तीन एनडीए सी फ्लैट्स, काका नगर, नई दिल्ली, ई-पिक नंबर एसजेई-0755975 से दर्ज है।
दो विधानसभाओं के दो कार्ड
चुनाव आयोग के नोटिस के मुताबिक, एक व्यक्ति अपने नाम से सिर्फ एक ही मतदाता पहचान पत्र बनवा सकता है। एक व्यक्ति के एक से ज्यादा कार्ड निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में होने पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत दंडनीय अपराध माना जाता है। बता दें कि हाल ही में इससे पहले पवन खेड़ा को भी दिल्ली की दो विधानसभाओं क्षेत्रों में दो मतदाता पहचान पत्र होने के कारण नोटिस भेजा गया था और उनको इसका जवाब देने के लिए भी कहा गया था।






