Delhi : लाल किले से चोरी हुआ एक करोड़ का सोने का कलश, CCTV फुटेज आया सामने

red fort

दिल्ली (Delhi) के लाल किला से एक हैरान करने वाली ख़बर सामने आई है। जहां, लाल किला परिसर से सामने हो रहे धार्मिक समारोह से एक करोड़ का हीरो से जड़ा हुआ सोने का कलश चोरी हो गया। जांच के दौरान एक CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें कलश चोरी होते हुए दिखाई दे रहा है। बता दें कि यह चोर जैन समुदाय के धार्मिक समारोह से की गई है, जिसमें एक करोड़ रुपये के सोने के कलश को चुरा लिया गया है। इस कलश को बनाने में करीब 760 ग्राम सोने का इस्तेमाल किया गया था और उसे लगभग 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्नों से सजाया गया था।

9 सितंबर तक चलेगा समारोह

जानकारी के मुताबिक, इस कलश को कारोबारी सुधीर जैन प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठानों के लिए लाते थे, लेकिन 3 सितंबर की सुबह भीड़भाड़ के दौरान इसे मंच से चुरा लिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। यह समारोह 9 सितंबर यानी मंगलवार तक चलेगा।

कैसे मिली जानकारी

पुलिस ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया है कि पीएस कोतवाली में 3 सितंबर को एक पीसीआर कॉल आई थी। उक्त कॉल पर सूचना मिली की लाल किले के पास स्थित 15 अगस्त पार्क में जार जैन समाज के पूजा उत्सव से पूजा में रखा जाने वाला सोने का सामान चोरी हो गया है। इस मामले की जांच करने पर पता चला कि पूजा उत्सव के मंच से एक सोने का कलश चोरी हो गया है। मामले की जांच जारी है। उम्मीद है कि चोर को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

पहले भी मंदिरों में कर चुका है चोरी

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में चोर की शिनाख्त करने के साथ ही यह दावा किया है कि यह शख्स संभवत: पहले भी कई मन्दिरों में चोरी कर चुका है। हालांकि, फिलहाल इस आरोप की पुष्टि नहीं की गई है।

दिल्ली के पॉश इलाकों में यह चोरी की कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में चोर ने एक सांसद के गले से सोने की चेन छीन ली थी। यह वही प्रकरण हैं, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी थी।