Delhi News: सात साल बाद दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने किया था भगोड़ा घोषित

Delhi News: क्राइम ब्रांच की टीम ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले भगोड़े घोषित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित का नाम भरत बताया जा रहा है। वह तिमारपुर का रहने वाला है। मामला दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जैसे ही उसे जमानत मिली वह फरार हो गया।  

उपायुक्त हर्ष इंदौरा के अनुसार, हेड कांस्टेबल अजय को यह सूचना मिली थी कि राजपुरा रोड, ओपीएल गेट के पास सामूहिक दुष्कर्म मामले में भगोड़ा घोषित आरोपित भरत अपने साथियों से मिलने आने वाला है।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सतीश मलिक के नेतृत्व में और एसीपी राजपाल डबास की देखरेख में बनाई गई टीम ने उस स्थान पर अपना जाल बिछाया और आरोपित को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

Also Read : दिल्ली में खजूरी चौक पर मिलेगी जाम से राहत, बदला गया DTC बसों का रूट

2023 में कोर्ट ने किया था भगोड़ा घोषित

पूछताछ के दौरान उसने बताया कि साल 2017 में, उसने और उसके साथियों ने मिलकर एक नाबालिग लड़की का अपहरण किया था। उसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया और मारपीट की थी।

मामला पुलिस में दर्ज होने के बाद, उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया था। जमानत मिलते ही वह फरार हो गया और अदालत के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद साल 2023 में उसे अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया।