UP Rainfall : बारिश का कहर, मकान ढहने से मां-बेटी की मौत

Kaushambi News

UP Rainfall : यूपी में जगह-जगह बारिश अपना रौद्र रूप दिखा रही है। इस क्रम में कौशांबी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। जहां रविवार सुबह बारिश की वजह से एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। इस हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवती घायल बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार सिंह का इस पर कहना है कि यह घटना सुबह करीब 9 बजे मंझनपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में घटी। महराजदीन रैदास का कच्चा मकान भारी बारिश के कारण ढह गया। जिससे उनकी पत्नी प्रेमा देवी (55) अपनी दोनों बेटियां साधना (19) और आराधना (17) के साथ मलबे के नीचे दब गईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। एएसपी के अनुसार, मलबे से तीनों को बाहर निकाल लिया गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां प्रेमा देवी और उनकी बेटी साधना ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बेटी आराधना का इलाज अभी जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

वाराणसी में गंगा का कहर

उधर, पिछले कुछ दिनों से वाराणसी में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच चुका है। जल्द ही इसके खतरे के निशान को पार करने की संभावना जताई जा रही है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को गंगा का जलस्तर 70.26 मीटर से ऊपर था। बता दें कि गंगा नदी का खतरे का निशान 71.26 मीटर से लेकर 73.90 मीटर तक है।      

प्रयागराज में 5 हजार लोग पहुंचे राहत शिविर

शनिवार तक प्रयागराज में 5 हजार लोगों ने राहत शिविर में शरण ली। प्रयाग में लगभग 50 हजार घरों तक पानी पहुंच चुका है। इसमें से ज्यादातर लोग अपना घर छोड़ने को तैयार नहीं है। वहीं कुछ लोग ऐसे भी है जो अपने घर को छोड़कर कहीं और रहने के लिए चले गए हैं। 

Also read : UP Flood : उत्तर प्रदेश में बाढ़ का कहर, योगी ने फील्ड में उतारी ‘टीम-11’