Shahdara News : शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां बुधवार दोपहर को एक युवती ने अपने ही पिता की रोटी पकाने वाले तवे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का नाम टेकचंद गोयल (55) बताया जा रहा है।
दरअसल बेटी अन्नू (32) मानसिक तौर पर बीमार रहती थी। पिता बेटी को बार-बार दवा खाने के लिए बोल रहा था। इस बात से अचानक अन्नू गुस्सा हो गई और उसने अपने पास रखे तवे को उठाया और पिता पर हमला बोल दिया। जब तक बाकी परिजन उसे रोक पाते तब तक उसने पिता के सिर पर तवा दे मारा। पिता को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां टेकचंद को मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलते ही अन्नू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मानसिक तौर पर बीमार थी अन्नू
इस मामले पर शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम का कहना है कि इस घटना सूचना बुधवार दोपहर 3:56 बजे मिली। मृतक के बेटे से पुलिस ने पूछताछ की है। मृतक के बेटे शिवम ने बताया कि उसकी बहन मानसिक रूप से ठीक नहीं थी। पिता उसको दवाई खाने के लिए बोल रहे थे। उस वक्त मौके पर उसकी मां बाला देवी और उसकी पत्नी प्रिया भी वहीं थी।
अचानक अन्नू ने गुस्से में पिता के सिर पर तवे से हमला कर दिया। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने अन्नू के घरवालों से उसके इलाज के पेपर मांगे हैं। इसके अलावा बाला देवी और प्रिया के बयान को दर्ज कर लिया गया है। बाकी रिश्तेदारों से भी आगे की पूछताछ जारी है।






