राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जहां एक थार ने सड़क पर चल रहे दो लोगों को बुरी तरह से रौंद दिया। जिनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नई दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके पास 11 मूर्ति रोड की है। जहां तेज रफ्तार थार ने राह चलते दो लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद एक शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे का इलाज अस्पताल में जारी है।
चालक के नशे में होने का शक
बताया जा रहा है कि यह घटना उस वक्त घटी जब दोनों व्यक्ति सड़क पार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। घायल शख्स की हालत अभी बयान देने लायक नहीं है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश में लगी हुई है। जिस गाड़ी से घटना घटी वह गाजियाबाद में रजिस्टर्ड है। पुलिस को कार के अंदर से शराब की कुछ बोलते बरामद हुई है। शक है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था।
इस पर नई दिल्ली डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया, ” चाणक्यपुरी में आज सुबह करीब 6:30 बजे हमारी पेट्रोलिंग टीम को इस घटना की खबर मिली। आरोपी ड्राइवर का नाम आशीष है और वो गुड़गांव से शकरपुर की तरफ जा रहा था। गाड़ी उसकी खुद की नहीं है बल्कि किसी दोस्त की है। तेज रफ्तार में उसने दो लोगों को टक्कर मार दी। जिनमें से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और दूसरा घायल है। कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच लगातार जारी है। हम पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। “
Also Read : Shahdara News : बेटी ने ली पिता की जान, तवे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट






