दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर अटैक के मामले में एक नई जानकारी सामने आई है। बुधवार को दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों से हमले का आरोपी सीएम रेखा गुप्ता के आवास की रेकी कर रहा था और मुख्यमंत्री से मिलने की ताक में बैठा था।
प्रवेश साहिब सिंह ने आगे कहा कि “अब पता चला है कि वह व्यक्ति 24 घंटे से मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके आवास की रेकी कर रहा था। उसने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित घर तक की रेकी की थी।
उसने मंगलवार को पास के सिविल लाइंस इलाके में ही रात बिताई और आज सुबह जब वह हमले को अंजाम देने के लिए आया तो उसके पास किसी प्रकार के कोई कागज नहीं थे। वो आया और उसने सीएम से मुलाकात करते ही उन पर हमला कर दिया।
दिल्ली के मंत्री ने बतया कि बिना किसी कड़ी सुरक्षा के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जनसुनवाई के दौरान हर रोज करीब 2000 लोगों से मिलती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और उसके आधार पर ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
उन्होंने कहा, “दिल्ली को लंबे समय बाद एक ऐसी मुख्यमंत्री मिली है जो अपने घर पर रोज़ाना जनसुनवाई कार्यक्रम कर रही थी। दिल्ली-एनसीआर से रोजाना उनसे मिलने 1000-2000 लोग आते थे। वह सभी से बिना किसी सुरक्षा के मिलती थीं और उनकी समस्याएं को सुनती थीं। आज जो भी हुआ है, वह बहुत गलत और निंदनीय है। हमने मुख्यमंत्री से अभी मुलाकात की है। वह इस हमले में घायल हो गई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है आरोपी
वहीं, मामले में 19 अगस्त का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी राजेश शालीमार बाग स्थित दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास की रेकी करते हुए नजर आ रहा है।






