Vaishno Devi Landslide में दो बच्चों समेत मुजफ्फरनगर के पांच लोगों की मौत, तीन परिवारों में छाया मातम

vaishno devi landslide

Vaishno Devi Landslide : जम्मू कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन को लेकर कई जानकारी सामने आ रही है। इस घटना में मुजफ्फरनगर शहर के मोहल्ला रामपुरी में रहने वाले तीन परिवारों के कई सदस्य फंसे हुए हैं। इनमें दो बच्चों समेत अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। स्थानीय पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दे दी गई है। खबर सुनते ही वे तुरंत कटरा के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं जिले में घटना के बाद से शोक की लहर है।

माता वैष्णो देवी के दर्शन करने गए थे परिवार

जानकारी के मुताबिक, 25 अगस्त को मुजफ्फरनगर शहर के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी में रहने वाले तीन अलग-अलग परिवारों के करीब 22 सदस्य जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए घर से रवाना हुए थे। उत्तरी रामपुरी में रहने वाले रूपेश ने बताया कि 27 अगस्त यानी बुधवार शाम को जानकारी मिली कि कटरा में हुए भूस्खलन के दौरान ममतेश (42) पत्नी रविंदर की दबने से मौत हो गई। वहीं इस हादसे में रामवीरी (45) पत्नी इंद्रपाल और उनकी बेटी अंजलि (20) की भी मौत हो गई।

रूपेश ने बताया कि अजय कुमार का परिवार (उत्तरी रामपुरी दो टंकी वाली सड़क निवासी ) भी माता के दर्शन के लिए गया हुआ था। अजय के दो छोटे बेटे पहला अनंत (10) और दूसरा दीपेश (8) की भी इस हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अजय घायल अवस्था में हैं। जानकारी मिलते ही कटरा के लिए अन्य परिजन रवाना हो गए हैं। उत्तरी रामपुरी पहुंचकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।