Gemini AI से बना रहे हैं ट्रेंडिंग फोटो? हो जाएं सावधान, लड़की ने किया हैरान कर देने वाला खुलासा  

Gemini AI: इन दिनों सभी पर जेमिनी एआई में फोटो क्रिएट करने का बुखार चढ़ा हुआ है। इतना ही नहीं जेमिनी एआई की ट्रेंडिंग फोटो काफी ज्यादा वायरल भी हो रही हैं। चाहे साड़ी वाली रेट्रो फील वाली फोटो हों या फिर फिगरीन वाली कोई फोटो। लेकिन इन सबके बीच एक लड़की ने हैरान करने वाला बड़ा खुलासा किया है।

लड़की का नाम झलक भवनानी है। उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गुगल जेमिनी से जुड़ी एक बात साझा की है। झलक का यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वहीं कुछ लोगों ने झलक के दावों को गलत बताते हुए उस पर सवाल उठाए हैं। झलक ने इसी का जवाब देने के लिए एक वीडियो बनाया है।

झलक ने वीडियो में बताया कि उन्होंने जेमिनी के साड़ी एआई ट्रेंड से प्रभावित होकर अपनी भी एक तस्वीर बनाने का फैसला किया। इसके बाद उसने तस्वीर बनाने के लिए जेमिनी में अपनी एक फोटो को अपलोड किया। झलक ने जेमिनी में अपनी पूरी आस्तीन के कपड़े पहने हुए वाली तस्वीर अपलोड की थी।

जिसके बदले जेमिनी ने उसे एक ब्लैक कलर की साड़ी वाली फोटो दी, झलक के अनुसार उसे तस्वीर काफी अच्छी लगी थी, लेकिन अचानक उसकी नजर साड़ी वाली फोटो पर अपने दाहिने हाथ पर गई। उस फोटो में अपने हाथ पर लित देखकर झलक हैरान हो गई। बता दें कि असल में भी झलक के दाहिने हाथ पर ठीक उसी जगह पर एक तिल है, जो फोटो में नजर आ रहा है।

झलक ने किया खुलासा

इस पर झलक का कहना है कि उसने जेमिनी को जो फोटो अपलोड करने के लिए दी थी, वो तो पूरी बांह के सूट वाली थी। उस फोटो में बाजू पूरी कवर थी। फिर जेमिनी को यह कैसे पता चला कि उसके दाहिने हाथ पर तिल है। झलक ने लोगों को इस बात को लेकर सचेत किया। उसने कहा कि अगर आप भी इस ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं और अपनी फोटो को जेमिनी पर अपलोड कर रहे हैं तो ऐसा करने से पहले कई बार सोचें। झलक के इस खुलासे के बाद एक बार फिर से सोशल मीडिया पर प्राइवेसी को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।