गुजरात में AAP को बड़ा झटका, इस नेता ने अचानक पार्टी से दिया इस्तीफा

Arvind Kejriwal

गुजरात में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सभी पार्टियां पूरे जोश के साथ जुटी हुई हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी (आप) को एक बड़ा झटका लगा है। चेतन रावल ने पार्टी से अचानक इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे में रावल ने अपने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है, लेकिन इस्तीफे के पीछे वास्तविक वजहों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

रावल ने अपना इस्तीफा गुजरात में पार्टी के मुखिया इशुदान गढवी को भेजा है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत कारणों की वजह से वह आम आदमी पार्टी से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। बता दें कि चेतन रावल टीवी एक्टर रह चुके हैं और गुजरात में एक प्रमुख राजनीतिक शख्सियत भी हैं।

कांग्रेस छोड़ AAP में की थी एंट्री

जानकारी के मुताबिक, उन्होंने 2022 में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर ‘आप’ में एंट्री की थी। वह अहमदाबाद शहर के राज्य महासचिव और कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने खाडिया और असारवा सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ा हैं। गौरतलब है कि प्रबोध रावल (रावल के पिता ) भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और गुजरात गृह मंत्री के पद भी रह चुके हैं।

चेतन रावल अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए कांग्रेस में शामिल हुए थे। अहमदाबाद शहर के कांग्रेस अध्यक्ष बने। बाद में उन्होंने कांग्रेस को छोड़ा और आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। अब पार्टी में तीन साल काम करने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी को छोड़ दिया है। रावल आगे क्या कदम उठाएंगे, इसको लेकर अभी तक उन्होंने कोई खुलासा नहीं किया है।