Bijnor News : भारी बारिश में ढह गया मकान का लेंटर, 7 लोग दबे

BIJNOR

Bijnor News: यूपी के बिजनौर में एक बड़ा घटना घट गई। ग्राम अलावलपुर उद्दा में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक मकान का लेंटर अचानक गिर गया। मकान मालिक दिनेश उस समय अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ घर में सो रहा था। इस घटना के बाद परिवार के सातों सदस्य मलबे के नीचे दब गए। लेंटर गिरते ही आसपास चीख पुकार मच गई। कड़ी मशक्कत के बाद सातों लोगों को मलबे के नीचे से निकाला गया। गनीमत रही कि किसी भी सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है।

पहले से जर्जर था मकान

बता दें कि शहर कोतवाली के गांव अलावलपुर उद्दा में रहने वाले दिनेश का मकान काफी समय से जर्जर अवस्था में था। ऐसे में जब सोमवार रात को भारी बारिश हुई तो मकान बारिश की मार झेल नहीं पाया और अचानक उसका लेंटर भरभरा कर जमीन पर गिर पर गया। उस वक्त मकन में दिनेश (50) अपने पांच बच्चों सहित बेटा शिव (10), बेटी रानी (15), वंशिका (12), प्रीति (20) और बेटा मोनू सो रहे थे। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर सदर एसडीएम, फायर ब्रिगेड और शहर कोतवाल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। सातों सदस्यों को जेसीबी मशीन व ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। इस राहत कार्य में करीब आधा घंटा लगा। हादसे में दिनेश के पैरों में और उनकी बेटी वंशिका व बेटे शिव के चेहरे पर मामूली चोटें आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। परिवार के अन्य सदस्य पुरी तरह से ठीक हैं।

इस पर परिवार वालों ने बताया कि दिनेश ने लगभग 10 साल पहले 200 गज का एक मकान बनाया था। दिनेश पेशे से मजदूर है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनेश का मकान काफी वक्त से जर्जर हालत में था, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से वह इस मरम्मत नहीं करवा पा रहा था। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।