वाराणसी में मंगलवार को भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह (Pawan Singh) सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है। इन पर कैंट थाने में 1.57 करोड़ की ठगी का मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि भोजपुरी फिल्म निर्माण में निवेश के नाम पर होटल कारोबारी को करोड़ों रुपये का चूना लगाया गया। आरोपियों में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के अलावा निर्देशक अरविंद चौबे, प्रेमशंकर राय और उसकी पत्नी सीमा राय शामिल हैं। इन चारों पर बीएनएस की धारा 406, 420, 468, 467 और 506 के तहत केस दर्ज किया गया है।
कारोबारी ने लगाया ठगी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, नाटी इमली के निवासी विशाल सिंह होटल और टूर ऐंड ट्रैवल का व्यवसाय चलाते हैं। कारोबारी ने मामले पर बताया कि जब वह मुंबई में पढ़ाई कर रहा था, तब उसकी मुलाकात प्रेमशंकर राय और उसकी पत्नी से हुई थी। कारोबारी ने आरोप लगाया कि भोजपुरी फिल्म बनाने के नाम पर दोनों ने उससे करीब 1.57 करोड़ रुपये का निवेश करवाया और यह भरोसा दिलवाया कि उसे उसकी दी गई रकम सब्सिडी और मुनाफे के रूप में वापस कर दी जाएगी। इस पर विशाल सिंह ने कारोबारी के खाते में किस्तों में लगभग 32.60 लाख रुपये जमा करवाए।
कारोबारी के मुताबिक, उसने पोस्ट प्रोडक्शन इवेंट और फिल्म की शूटिंग पर करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बदले न तो उसे उसकी रकम वापस दी गई और न ही कोई मुनाफे में हिस्सा। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेज तैयार कर विपक्षियों ने उसे उनमें निर्माता दिखाया और जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो बात को टालने लगे। इतना ही नहीं कारोबारी ने आरोप लगाया है कि उसे अभिनेता पवन सिंह ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। अदालत ने पीड़ित के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए कैंट थाने में चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए।






