यूपी विधानसभा की नॉनस्टॉप चर्चा में करीब 187 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस पर सीएम योगी ने चर्चा में शामिल हुए सदस्यों का आभार जताया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में शायराना अंदाज में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। योगी ने शायरी करते हुए कहा कि ‘बड़ा ही हसीन है उनकी जुबान का जादू, आग लगाकर आज बहारों की बात करते हैं।, जिन्होंने रात में बेखौफ बस्तियां लूटीं, वही नसीबों के मारो की बात करते हैं।
योगी ने आगे कहा कि विपक्ष सिर्फ और सिर्फ अपने तक ही सीमित है। पिछले 24 घंटे से लगातार चर्चा चल रही है। लोकतंत्र को चर्चा मजबूत करती है। यूपी सिर्फ देश का ही नहीं बल्कि आध्यात्मिक सांस्कृतिक ऊर्जा का भी केंद्र बिंदु है। उन्होंने कहा कि हम यूपी के विकास विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर पहले लोगों की राय लेंगे उसी के आधार पर रणनीति बनाएंगे।
यह जरूरी है कि सभी सदस्य इस प्रक्रिया में भाग लें और इसमें अपनी रुचि दिखाएं। 24 घंटे के अंदर इस चर्चा ने यह साबित कर दिया है कि भले ही हमारी विचारधारा एक-दूसरे से अलग हो लेकिन जब प्रदेश के विकास की बात आएगी तो हम सब एक साथ हैं।
सीएम योगी : ‘2017 तक अपराध का बोलबाला था’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 तक प्रदेश में अपराध का बोलबाला था। आम जनता को योजनाओं का कोई लाभ नहीं मिलता था। युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद नहीं थी। किसानों को भी राहत नहीं और निवेशकों को कोई भरोसा नहीं था।
पलायन की असहनीय पीड़ा, गरीबी और इलाज के अभाव में तड़पते और दम तोड़ते बच्चे, सरकारी नौकरी में बेखौफ भ्रष्टाचार, यूपी में भाई भतीजावाद कल्चर हावी था। सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद आई डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया।






