इंडिया गेट घूमने गए एक परिवार की कार को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक और उसकी कार दोनों ही फरार हैं। इस हादसे में एक 54 वर्षीय महिला सरोज मेहता की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीसीआर कर्मियों ने सूचना मिलने पर घायल महिला को इलाज के लिए पास स्थित आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, फरार आरोपी कार चालक का फिलहाल कुछ पता नहीं चल पाया है। नॉर्थ एवेन्यू पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी कार चालक की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
आरोपी कार चालक फरार
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सौरभ सैनी (32) अपने पूरे परिवार के साथ नवादा उत्तम नगर स्थित श्याम अपार्टमेंट में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी शिवानी महतो, ससुर परशुराम महतो, बेटी तेजवसनी और सास सरोज महतो के साथ 6 सितंबर को नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट घूमने आए थे। वे इंडिया गेट घूमने के वापस लौट रहे थे। सौरभ सैनी उस समय कार चला रहे थे।
रात करीब 11:15 बजे जैसे ही उनकी कार पंडित पंत मार्ग-महादेव रोड बिशम्बर दास मार्ग क्रॉसिंग पर पहुंचीं, एक तेज रफ्तार कार ने उनकी कार के बाईं तरफ से जोरदार टक्कर मार दी। उस तरफ उनकी सास बैठी थीं। टक्कर मारने के बाद, बिशम्बर दास मार्ग की ओर से कार चालक भाग गया।
आरोपी कार लेकर इतनी जल्दी भागा कि कार का नंबर नोट करने का भी मौका नहीं मिला। उनकी सास हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद पीसीआर कॉल की गई। जिसके बाद महिला को इलाज के लिए पुलिस ने आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज जारी है।






