रानीबाग थाने में तैनात एएसआई विजय तिवारी की चुनमुन मॉल की सीढ़ियों से उतरते समय पैर फिसलने से मौत हो गई। सीढ़ियों से गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें मधुबन चौक स्थित सरोज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद से पीड़ित परिवार समेत पूरे पुलिस महकमे में शोक के बादल छाए हुए हैं। रानीबाग थाना एसएचओ प्रभांशु झा और बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिया।
परिवार में 3 बच्चे
एएसआई विजय तिवारी (51) नजफगढ़ रोड स्थित नंगली डेरी के पास राणा एन्क्लेव में अपने दो बेटे और एक बेटी के साथ रहते थे। उनकी पत्नी का 10 साल पहले देहांत हो चुका है। मूलरूप से विजय बिहार के जिला सिवान स्थित नौवाडीह गांव के निवासी थे।
Also Read : Delhi Rains : दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, खतरे के निशान के ऊपर पहुंचा यमुना का जलस्तर
विजय दिल्ली पुलिस में साल 1994 में भर्ती हुए थे। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि 28 अगस्त को विजय तिवारी रानी बाग स्थित चुनमुन मॉल में अपने किसी काम से गए हुए थे। जहां मॉल की सीढ़ियों से अचानक उनका पैर फिसल गया।
इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। जिसकी वजह से उनके कान से खून की धार बहने लगी। हादसे के तुरंत बाद उन्हें मधुबन चौक स्थित सरोज अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी एक सितंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके परिवार को सौंप दिया गया। इस हादसे के बाद से रानीबाग थाने में गम का माहौल है।






