Delhi Bomb Threat: दिल्ली के ताज होटल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, एक्शन में पुलिस

Delhi Bomb Threat: दिल्ली हाईकोर्ट और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अब दिल्ली के पांच सितारा होटल ताज पैलेस को बम की धमकी मिली है। इस मामले की सूचना दिल्ली पुलिस को दी गई। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के बाद ताज पैलेस परिसर में बम निरोधक दस्ते को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसे अफवाह घोषित कर दिया गया है। हालांकि, मामले की जांच जारी है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में धौला कुआं के पास स्थित ताज पैलेस को एक धमकी भरा मेल आया है, जिसमें होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बता दें कि, इससे एक दिन पहले यानी शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद हर तरफ हड़कंप मच गया था। इस बात की सूचना मिलने के बाद तुरंत हाईकोर्ट परिसर को पुरी तरह से खाली करवाया गया था और जांच की गई। उस वक्त भी जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली थी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Also Read : दिल्ली में खजूरी चौक पर मिलेगी जाम से राहत, बदला गया DTC बसों का रूट

हाईकोर्ट को भी मिली बम की धमकी

दिल्ली हाई कोर्ट को बम की धमकी मिलने के बाद वकीलों और कर्मचारियों में डर का माहौल था। धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और पूरे हाई कोर्ट परिसर की एक-एक फ्लोर कर तलाशी ली गई। इस दौरान किसी के हाथ कोई संदिग्ध चीज नहीं लगी। उसे भी फर्जी धमकी घोषित कर दिया गया।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु धमकी वाले स्थल से नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि धमकी देने वाले की पहचान भी की जा रही है। पहचान हो जाने के बाद होटल को ईमेल भेजने वाले के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने हाई कोर्ट परिसर में इस धमकी के बाद सुरक्षा को व्यवस्था को और भी ज्यादा बढ़ा दिया है।