Delhi Metro की सबसे पुरानी रेड और येलो लाइन होगी स्मार्ट, जानें DMRC का पूरा प्लान

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एल्सटॉम ट्रांसपोर्ट इंडिया लिमिटेड (एटीआईएल) के साथ अपनी सबसे पुरानी लाइनों येलो और रेड पर परिचालन में सुधार करने के लिए शुक्रवार को एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।

ये लाइनें राजधानी में साल 2002 और 2004 से चालू हैं। वर्तमान में, डिस्टेंस टू गो (डीटीजी) तकनीक का उपयोग सिग्नलिंग के लिए किया जाता है। एटीआईएल के निदेशक सचिन देवड़ा और डीएमआरसी के निदेशक मनुज सिंघल ने मेट्रो भवन में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

बता दें कि यह अनुबंध समझौता पूरे 6 साल के लिए किया गया है, जिसमें दो वर्ष और भी जोड़े जा सकते हैं। इस साझेदारी को करने का उद्देश्य सिग्नलिंग सिस्टम के लिए पर्याप्त ऑनबोर्ड स्पेयर की उपलब्धता को सुनिश्चित करना और विफलताओं के मूल कारण विश्लेषण के लिए वर्तमान में उपयोग होने वाली डेटा लॉगिंग सुविधा को अपग्रेड करना है।

एल्सटॉम अपने वैश्विक विशेषज्ञों के माध्यम से विफलताओं के निदान और सुधार के लिए निरंतर तकनीकी सहायता देगा। इतना ही नहीं सिस्टम ऑडिट करने की जिम्मेदारी भी निभाएगा।