Delhi News : अवैध पार्किंग करने वालों पर FIR दर्ज कराएगा निगम

शाहदरा दक्षिणी जोन कार्यालय में शुक्रवार को दिल्ली नगर निगम की बैठक हुई। पार्षदों ने बैठक में अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, कबाड़ियों के आतंक, पार्कों की खराब हालत और अवैध मीट की दुकानों को लेकर सवाल उठाए। इसके बाद यह फैसला लिया गया कि निगम अधिकारी सोमवार से अवैध कबाड़ियों की दुकानों को सील करेंगे। साथ ही शाम पांच बजे से रात आठ बजे के बीच निगम हर वार्ड में जाएगा और अतिक्रमण का सफाया करेगा।

बता दें कि भाजपा पार्षद रेणु चौधरी ने आरोप लगाया कि पहले तो अवैध मीट की दुकानों पर उन्होंने ताला लगवा दिया। उसके दस दिन बाद ही वही दुकान फिर से खुल गई। इस मामले को लेकर जब अधिकारी से पूछा गया तो वो बोले कि वे जांच कराएंगे कि यह दुकान फिर से कैसे खुली। उन्होंने आगे कहा कि वे तो जनप्रतिनिधि हैं, उन्हें जनता को इसका जवाब देना होगा। वहीं कुछ पार्षदों ने मुद्दा उठाया कि यदि कहीं किसी पशु की मृत्यु हो जाती है तो निगम उसे जल्दी नहीं उठवाता है।

चेयरमैन राम किशोर शर्मा ने इस पर कहा कि कुछ घंटों में ही निगम को पशु उठा लेना चाहिए। अगर इस काम में जरा भी देरी होती है तो पशु के शव को कुत्ते नोचने लगते हैं, इलाके में हालात बिगड़ जाते हैं। पार्षदों ने अवैध पार्किंग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मयूर विहार फेज-3, पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल के पास, गांधी नगर समेत और भी कई जगहों पर अवैध पार्किंग की जा रही है। इस चेयरमैन राम किशोर शर्मा ने कहा कि अब से सभी अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

प्रत्येक वार्ड में होंगे तीन डॉग फीडिंग पॉइंट

बैठक में आवारा कुत्तों के लिए फीडिंग पॉइंट जैसे मुद्दों को लेकर भी बात की गई। इस पर चेयरमैन ने बताया कि आवारा कुत्तों के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के मुताबिक कुछ फीडिंग पॉइंट को चिह्नित किया गया हैं। इन पॉइंट को जनप्रतिनिधियों, आरडब्ल्यूए और निगम अधिकारियों ने मिलकर चिह्नित किया है। डॉग लवर्स कुत्तों को सिर्फ उन्हीं फीडिंग पॉइंट पर जाकर खाना खिला सकते हैं।

कचरा मुक्त दिल्ली

पार्षदों ने अपने वार्डों में सफाई का मुद्दा उठाते हुए संसाधनों की कमी की बात कही। उन्होंने कहा कि कचरा मुक्त दिल्ली सिर्फ पर्याप्त संसाधनों के साथ ही संभव है। अधिकारियों से ज़ोन चेयरमैन ने कहा कि हमें इस अभियान को 17 सितंबर से पहले सफल बनाना है। इलाके में शाम को कचरा गाड़ियां भेजी जाएं और कचरा उठवाया जाए।