Delhi News : पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज में वरदान अपार्टमेंट से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक घरेलू सहायिका संदिग्ध हालत में तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई।
18 वर्षीय सहायिका को गंभीर हालत में एलबीएस अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़िता के परिजनों ने किया प्रदर्शन
वहीं इस पर युवती के परिजनों का कहना है कि युवती के साथ यौन शोषण हुआ है। उसके बाद उसकी हत्या करने के उद्देश्य से उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। इतना ही नहीं स्थानीय लोगों के साथ मिलकर परिजनों ने प्रदर्शन भी किया। मामला दर्ज कर मधु विहार थाना पुलिस इस केस की जांच में जुट गई है।
बता दें कि पीड़िता मंडावली थाना क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहती है। उसके परिवार में उसकी मां, उसकी बहन व एक भाई है। पीड़िता का नाम आशा बताया जा रहा है।
Also Read : Delhi News: सात साल बाद दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने किया था भगोड़ा घोषित
पिछले करीब एक साल से आशा वरदान अपार्टमेंट के एक घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी। अचानक बुधवार शाम को अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से वह नीचे गिर गई।
जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने इस पर बताया कि एलबीएस अस्पताल से हमें यह सूचना मिली थी कि अस्पताल में एक युवती को घायल हालत में भर्ती करवाया गया है। युवती के सिर व शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर चोट लगी है। फिलहाल उसका बयान सामने नहीं आ पाया है।
पूछताछ में पुलिस को मकान मालकिन ने बताया कि उन्होंने घरेलू सहायिका को घर में चोरी करते हुए पकड़ लिया था। जब उसे इस बात के लिए डांटा तो उसने डर की वजह से अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल के किचन की खिड़की से छलांग लगा दी। हादसे के समय घर में तीन महिलाएं मौजूद थी। पुलिस घायल युवती के होश में आने का इंतजार कर रही है।






