Delhi : कनॉट प्लेस में रफ्तार का कहर, कार ने मारी पुलिस वैन को टक्कर, दो लोग घायल

accident

कनॉट प्लेस इलाके से एक हादसे की खबर सामने आई है। जहां, एक तेज रफ्तार कार चालक ने रेड लाइट जंप करते हुए पुलिस की सरकारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गाड़ियां काफी क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि पुलिस की गाड़ी में बैठे कांस्टेबल को कोई गंभीर चोटें नहीं आईं है।

लेकिन दूसरी गाड़ी में बैठे दो लोग घायल हो गए हैं। उस गाड़ी में एक महिला समेत दो लोग सवार थे। मौके पर ही कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान विकासपुरी के रहने वाले दीपक शर्मा के तौर पर की गई है।

कैसे हुई टक्कर?

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, नॉर्थ एवेन्यू थाने में तैनात कांस्टेबल मनोज कुमार की हालत ठीक बताई जा रही हैं। दरअसल, वह थाने के ब्रावो (निरीक्षक) को 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर छोड़कर नॉर्थ एवेन्यू थाने की तरफ अपनी सरकारी गाड़ी स्कॉर्पियो से जा रहे थे।

4 सितंबर रात करीब 12:17 बजे जब उनकी गाड़ी जनपथ टॉलस्टॉय रेड लाइट पार करके आगे जा रही थी, तभी जनपथ रोड से कनॉट प्लेस की तरफ आ रहे एक स्विफ्ट कार चालक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। जिस कार ने टक्कर मारी उसी कार में सवार एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद पीसीआर ने उन्हें इलाज के लिए पास ही के अस्पताल भेज दिया।