IND vs PAK : पीएम मोदी पर भड़के केजरीवाल, बोले- ‘पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी’

भारत पाकिस्तान मैच (IND vs PAK) पर बहस थमने का नाम नहीं ले रही है। दोनों देशों के बीच गहरे तनाव के बावजूद क्रिकेट खेलने की अनुमति देने के लिए ‘आप’ ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पूछा की आखिर प्रधानमंत्री को भारत का पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की क्या जरूरत है। जब पूरा देश एक ही बात कह रहा है कि यह मैच नहीं होना चाहिए। क्या यह फैसला भी ट्रंप के दबाव में आकर लिया गया है। आखिर ट्रंप के आगे प्रधानमंत्री और कितना झुकेंगे।

वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आज केजरीवाल ने सौरभ भारद्वाज के पोस्ट को साझा करते हुए लिखा, ‘पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी है। हर भारतीय इस बात से बेहद गुस्से में है।’ वहीं, इसी मुद्दे पर सौरभ भारद्वाज ने लिखा कि, खून और खेल दोनों एक साथ नही चल सकते।’

‘शहीदों के लहू से बड़ा…’

इस पर मनीष सिसोदिया का कहना है कि ‘शहीदों के लहू से बड़ा क्रिकेट का जुनून कब से हो गया। जब हमारी बहनों की मांग का सिंदूर मिटा है तो पाकिस्तान से मैच करवाने की आखिर क्या जरूरत है।’

उधर, बुराड़ी के विधायक संजीव झा ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इस मैच का पुरजोर विरोध करती है। अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पाकिस्तानी खिलाड़ी घिनौनी तस्वीरें डालते थे। हमारी बहनों की मांग उजड़ गई और उनका मजाक उड़ाया गया। वायरल तस्वीरों में पाकिस्तान का आर्मी चीफ को सिंदूर भरते हुए दिखाया गया है। क्या ऐसे लोगों के साथ हमें क्रिकेट खेलना चाहिए।