Lucknow News: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, सात की मौत की आशंका, सीएम ने लिया संज्ञान

lucknow News

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को अचानक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकलकर भागे। इस हमले से पूरा इलाका दहल गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर फैक्टरी के अंदर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश शुरू की। यह घटना गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा इलाके की बताई जा रही है।

उधर, घटना के बारे में एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इस घटना में सात लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है।

सीएम ने लिया हादसे का संज्ञान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट का संज्ञान लिया है। उन्होंने मारे गए लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही तत्काल मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं सीएम ने घायलों के उपचार के निर्देश भी दिए हैं।