पाकिस्तानी वायुसेना ने अपने ही नागरिकों पर की एयर स्ट्राइक, 30 की मौत

पाकिस्तान से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां पाकिस्तानी वायु सेना ने खुद अपने ही देश के निर्दोष लोगों पर बम बरसा दिये। जानकारी के मुताबिक, सुबह 2 बजे के करीब पाकिस्तानी वायु सेना ने इस कारनामे को अंजाम दिया।

पाकिस्तानी वायु सेना द्वारा की गई बमों की बारिश में लगभग 30 लोगों की जान गई है। बता दें कि मरने वाले सभी लोग पाकिस्तानी थे। वहीं, इस एयर स्ट्राइक में कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।

पाकिस्तानी वायुसेना ने की बमबारी

पाकिस्तान के लोकल न्यूज रिपोर्ट्स के हवाले से एनडीटीवी ने बताया कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने रविवार देर रात तिराह घाटी स्थित मत्रे दारा गांव पर करीब आठ एलएस-6 बम बरसाए, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।

सोशल मीडिया पर इस घटना के बाद की एक तस्वीर काफी तेजी से वायरल हो रही है। जिसमें कई सारे शव पड़े हुए नजर आ रहे हैं। उन शवों में बच्चों के शव भी शामिल हैं। बचाव दल बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस मामले पर अभी तक पाकिस्तान के अधिकारी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

घायलों का इलाज जारी

इस एयर स्ट्राइक में बहुत लोगों के घायल होने की संभावना है। नजदीकी अस्पताल में घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया जा रहा है। वहीं, कई लोगों को मलबे से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि इस समय पाकिस्तान की अंदरुनी हालात चरमराई हुई है। बता दें कि पिछले काफी समय से पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र अशांत रहा है। यही कारण है कि यहां पर पाकिस्तान की सत्ता चल नहीं पाती है।

खैबर पख्तूनख्वा अशांत

पहले भी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कई आतंकवादी विरोधी अभियान देखे गए हैं। पहले भी इस क्षेत्र में कई बार पाकिस्तानी नागरिकों की मौत की खबरें आई हैं। खैबर पख्तूनख्वा की पुलिस के अनुसार, इसी साल जनवरी से अगस्त तक इस क्षेत्र में करीब 605 आतंकवादी घटनाएं दर्ज की गई हैं।