पूर्वी दिल्ली में खजूरी चौक पर लगने वाले जाम से वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी काफी परेशान हैं। सालों से यह समस्या बनी हुई है। इस समस्या का समाधान ना तो निगम के पास है और ना ही दिल्ली पुलिस के पास है।
इस जाम को खत्म करने के लिए अब अहम फैसला लिया गया है कि डीटीसी बसें का रूट बदल दिया जाए। अब वे खजूरी चौक से ना जाकर फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेंगी। आशंका है कि इस फैसले से बस यात्रियों को परेशानी हो सकती है। क्योंकि उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ेगा।
परिवहन विभाग का बड़ा फैसला
इस पर दिल्ली के मंत्री और करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा का कहना है कि लंबे समय से खजूरी चौक पर चली आ रही जाम की समस्या को खत्म करने करने को लेकर परिवहन विभाग ने अहम फैसला लिया है। अब खजूरी चौक से सिग्नेचर ब्रिज की तरफ जाने वाली सभी बसें सीधे खजूरी फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेंगी।
इससे खजूरी चौक पर जाम से राहत मिलेगी। नए प्रावधान के मुताबिक अब रूट संख्या 121, 165, 212, 229, 234, 235, 248, 259, 261, 333, 971, 165ए, 971ए, 0261, ओएमएस(-), 0ओएमएस(-) आदि बसें अब फ्लाईओवर के ऊपर चलेंगी। इससे यात्रियों का काफी समय बचेगा और खजूरी चौक पर जाम भी कम लगेगा। वहीं, रूट संख्या 210, 208ए, 227ए, 973, 253, वाईएमएस(-), डी-029, डी-019 आदि बस सेवाएं पहले की तरह अपने निर्धारित रूट पर ही चलेंगी।






