Delhi के कालकाजी मंदिर में चुनरी-प्रसाद को लेकर विवाद, सेवादार की पीट-पीटकर हत्या

kalkaji temple

दिल्ली स्थित कालकाजी मंदिर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक सेवादार की लाठियों और घूंसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यहां माता के दर्शन के लिए आए लोगों ने एक सेवादार पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों और सेवादार के बीच चुनरी प्रसाद को लेकर बहस हुई थी। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचित कर उसे उनके हवाले कर दिया। बाकि आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें कल रात 11:30 बजे यानि शुक्रवार को कालकाजी मंदिर में झगड़े की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस की टीम सूचना मिलने के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कालकाजी मंदिर में माता के दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने दर्शन के बाद पीड़ित से चुनरी प्रसाद मांगा, इसी बात पर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। गुस्सा में आरोपियों ने पीड़ित को घूंसों और लाठियों से बहुत मारा।

पीड़ित की स्थिति खराब होने पर उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक योगेंद्र सिंह (35) यूपी के हरदोई का निवासी बताया जा रहा है। वह कालकाजी मंदिर में पिछले 14-15 साल से सेवादार के तौर पर काम कर रहा था।

स्थानीय लोगों ने दक्षिणपुरी निवासी अतुल पांडे (30) नामक एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। बाकि आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी हैं।

सेवादार की हत्या पर केजरीवाल भड़के

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कालकाजी मंदिर के सेवादार की हत्या पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कहा, कालकाजी मंदिर के अंदर सेवादार की निर्मम हत्या करने से पहले इन बदमाशों के हाथ नहीं कांपे? ये कानून व्यवस्था की विफलता नहीं तो और क्या है? भाजपा के चारों इंजनों ने दिल्ली का ये हाल कर दिया है कि अब मंदिरों में भी ऐसी वारदातें हो रही हैं। क्या दिल्ली में कोई सुरक्षित है भी या नहीं?’