Sudershan Reddy : विपक्ष ने पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना है। इनके नाम का ऐलान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश के नाम पर विपक्ष ने एकमत होकर अपनी सहमति जताई है।
इससे पहले उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाने और उसकी घोषणा करने के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने 10 राजाजी मार्ग पर बैठक की थी। विपक्ष ने बैठक के बाद उनके नाम की घोषणा की। अब 21 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि बी. सुदर्शन रेड्डी भारत के सबसे प्रतिष्ठित न्यायविदों में से एक हैं। उनका काफी लंबा और प्रतिष्ठित करियर रहा है। वे गौहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं।
वे आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के एक साहसी समर्थक रहे हैं। वे गरीबों के हितों के बारे में सोचने वाले व्यक्ति हैं। अगर आप उनके फैसलों पर नजर डालेंगे तो आपको पता चलेगा कि उन्होंने कैसे न्याय करते हुए गरीबों का पक्ष लिया और संविधान व मौलिक अधिकारों की रक्षा की।
बी. सुदर्शन का इनसे हैं मुकाबला
उपराष्ट्रपति की रेस में बी. सुदर्शन रेड्डी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से भीड़ेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है, जो तमिलनाडु के एक अनुभवी नेता हैं। विपक्षी गठबंधन द्वारा अपने नाम का ऐलान होने के बाद उन्होंने कहा कि “मैं सभी दलों से अपील करता हूं कि वे मेरा समर्थन करेंगे।” तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओब्रायन के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) ने भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए रेड्डी को अपना समर्थन दिया है।






