जब ये सचिन को लेकर ऐसा बोल रहे है तो मेरी पारी पर क्या कहेंगे… आरपी सिंह के कान में बोले थे राहुल द्रविड़

Rahul Dravid

भारत में क्रिकेट को धर्म से कम नहीं समझा जाता, जैसा की आप जानते हैं कि सचिन तेंदुलकर को इंडिया में ‘क्रिकेट का भगवान’ कहा जाता है। ये तो हुई प्रशंसा की बात लेकिन भारतीय क्रिकेट प्रेमी जितना क्रिकेट को प्यार करने में आगे हैं उतने ही आलोचना करने में भी काफी बेरहम हैं। उन्हें अपने फेवरेट क्रिकेटर से खूब अपेक्षाएं होती हैं।

वो उन्हें जितना चाहते हैं, उतनी ही उनकी बुराई भी करते हैं जब वे उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरते। चाहे खिलाड़ी मैदान में अपनी तरफ से कितना भी अच्छा खेल ले, मैच की परिस्थितियां कुछ भी हों, फैंस का पैमाना कुछ अलग ही रहता है। पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने इससे मिलता जुलता अपना एक किस्सा शेयर किया है, जिससे आप समझ पाएंगे कि भारत के एक क्रिकेट प्रेमी की भावनाओं और खेल के प्रति उसकी सोच कैसी होती है।

आरपी सिंह ने जियोहॉटस्टार के स्पेशल चीकी सिंगल्स के नए एपिसोड में अपना किस्सा सुनाते हुए बताया कि कैसे क्रिकेट मैच देख रहे दर्शकों ने सचिन तेंदुलकर पर ऐसी-ऐसी टिप्पणी की कि उनके कान में राहुल द्रविड़ ने फुसफुसाते हुए कहा- जब ये सचिन के बारे में ऐसा बोल रहे तो मेरी बारी आने पर क्या-क्या कहेंगे।

सचिन की बैटिंग पर क्या बोले थे लोग

आरपी सिंह ने विस्तार से बताते हुए कहा कि कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बीच मेरठ में रणजी मैच चल रहा है। वो यूपी की ओर से मैच खेल रहे थे और द्रविड़ कर्नाटक की ओर से। उस मैच में उन्होंने 199 रन की शानदार पारी खेली थी। दोनों साथ में शाम को एक दोस्त के घर डिनर पर गए थे, जहां टीवी पर इंडिया का मैच चल रहा था और सचिन तेंदुलकर फिल्ड में बैटिंग कर रहे थे।

वह काफी अच्छा खेल रहे थे। हम दोनों वहीं बगल में साथ बैठे थे और तभी कुछ लोग कह रहे थे- सचिन को थोड़ा और ठीक से तेज खेलना चाहिए। लेकिन वह तो मैच के हालात को देखते हुए ही अपनी पारी खेल रहे थे। तभी राहुल भाई ने मेरे कान में फुसफुसाया और कहा कि, ‘अगर वे सचिन को इतना कह रहे हैं तब वे मेरे बारे में कितना बोलेंगे?”