Nepal Protest: संसद में घुसे युवा प्रदर्शनकारी, पुलिस की फायरिंग में 16 की मौत

नेपाल की राजधानी काठमांडू में सुरक्षाबलों की हवाई फायरिंग में 16 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। दरअसल, सोमवार को काठमांडू में अचानक युवा प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए। इन प्रदर्शनकारियों में से कुछ संसद परिसर में घुस गए, जिन्हें रोकने की सुरक्षाबलों ने काफी कोशिश की।

जब वे नहीं माने तो सुरक्षा बलों ने हवाई फायरिंग की जिसमें 16 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। इसकी पुष्टि सिविल अस्पताल के कार्यकारी निदेशक मोहन चंद्र रेग्मी ने की है। उन्होंने कहा कि गोली लगने से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा दर्जनों लोग घायल अवस्था में हैं, वहीं कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय ने कर्फ्यू लगा दिया है। पहले यह कर्फ्यू बनेश्वर के कुछ भागों में लगाया गया था, जब प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शनकारी घुस गए थे। लेकिन, अब कई क्षेत्रों में इसे लागू कर दिया गया है। इसमें राष्ट्रपति का निवास स्थान, लैंचौर में उपराष्ट्रपति का निवास, सिंह दरबार के इलाके, शीतल निवास क्षेत्र, महाराजगंज, प्रधानमंत्री का निवास स्थान और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

Also Read : US की अदालत ने ट्रंप को लगाई फटकार, टैरिफ को बताया अवैध

अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य सिर्फ संवेदनशील सरकारी स्थानों पर आगे होने वाली अशांति को रोकना और सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यह कर्फ्यू मुख्य जिला अधिकारी छबिलाल रिजाल द्वारा लागू किया गया है। यह दोपहर 12:30 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इन क्षेत्रों में आवाजाही, सभाएं, प्रदर्शन या घेराव करना सख्त मना है।

किस बात पर बढ़ा युवाओं का गुस्सा

प्रदर्शनकारी युवाओं की मांग है कि सरकार की तरफ से सोशल मीडिया पर लगाए गए बैन को हटा दिया जाए। साथ ही, उन्होंने मांग की कि देश में फैले भ्रष्टाचार को साफ किया जाए। पिछले शुक्रवार को नेपाल की सरकार ने यूट्यूब, फेसबुक और एक्स जैसे कुल 26 बिना रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया था, जिसके बाद से ही यूजर्स इन सोशल मीडिया साइट्स का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। लोग सरकार के इस कदम से काफी गुस्से में हैं। नेपाल के लाखों यूजर्स इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं।